
जब ‘गुरुजी’ ही भूल गए मतदान का पाठ: शिक्षक एमएलसी चुनाव में 3,183 वोट अमान्य
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के नतीजों ने चुनावी साक्षरता पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। चुनाव मैदान में उतरे 17 प्रत्याशियों की किस्मत तय करने के लिए 35,149 शिक्षकों ने मताधिकार का प्रयोग किया, लेकिन इनमें से 3,183 शिक्षकों के वोट निरस्त हो गए। निरस्त मतों की यह संख्या कुल पड़े वोटों का लगभग 9 प्रतिशत है, जो चुनाव मैदान में उतरे शीर्ष दो उम्मीदवारों (डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और दानिश अख्तर) को छोड़कर बाकी सभी 15 प्रत्याशियों को मिले व्यक्तिगत वोटों से भी ज्यादा है।
प्रत्याशियों और उनके एजेंटों द्वारा लगातार दिए गए दिशानिर्देशों के बावजूद, शिक्षकों ने बैलेट पेपर पर वरीयता दर्ज करते समय ‘1’ की जगह ’01’ लिखने, फोटो पर अंक डालने या निर्धारित पेन का इस्तेमाल न करने जैसी तकनीकी गलतियां कीं। नतीजतन, चुनाव अधिकारी द्वारा इन मतों को खारिज कर दिया गया और यह वोट किसी भी प्रत्याशी के काम नहीं आ सके।
