मुरादाबाद: माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारियों के बीच मुरादाबाद मंडल के 23 विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई की है। परीक्षाओं में धांधली और अनियमितताओं के चलते मंडल के 14 इंटर कॉलेजों को डिबार (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है, जबकि 9 अन्य विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण (रद्द करने) की सिफारिश की गई है। क्षेत्रीय सचिव के अनुसार, सभी संबंधित जिलों के डीआईओएस (DIOS) को डिबार व मान्यता रद्द होने वाले स्कूलों की सूची भेजकर इन्हें परीक्षा केंद्र न बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इन कारणों से गिरी गाज माध्यमिक शिक्षा परिषद बरेली की क्षेत्रीय सचिव रेखा दिवाकर ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं में गड़बड़ी करने, गलत अंक देने, परीक्षा से संबंधित डेटा सही न भरने और उत्तर पुस्तिकाओं की सीलिंग-पैकिंग में धांधली जैसे कारणों से इन स्कूलों पर गाज गिरी है। भौतिक सत्यापन के दौरान इन विद्यालयों को किसी भी हाल में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
3 विद्यालयों पर आजीवन प्रतिबंध बोर्ड की सूची के मुताबिक, तीन स्कूलों को परीक्षा कराने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है:
-
बालजीत सिंह इंटर कॉलेज, भीतखेड़ा (मुरादाबाद): 2020 से सदैव के लिए डिबार।
-
चाचा नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, बिजनौर: आजीवन प्रतिबंधित।
-
नांगलजट इंटर कॉलेज, बिजनौर: आजीवन प्रतिबंधित।
-
नोट: श्री मुखराम सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ठेट (बिजनौर) को 2026 से जांच पूरी होने तक के लिए निलंबित रखा गया है।
अन्य प्रमुख डिबार स्कूल और उनकी अवधि:
-
मुरादाबाद: बीएस इंटर कॉलेज कुआंखेड़ा (2023-2027), पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज ऊंचागांव और खूबचंद्र बाल विद्या मंदिर पंडित नगला (2026-2028), आजाद पब्लिक इंटर कॉलेज बिलारी (2027-2031)।
-
अमरोहा: सूरजपाल शकुंतला देवी कन्या इंटर कॉलेज (2026-2028), बाल भारती इंटर कॉलेज और शंभू इंटर कॉलेज (2025-2027)।
-
रामपुर व संभल: अब्दुल वहीद मुस्लिम इंटर कॉलेज और जनता इंटर कॉलेज छछैरा (2023-2027), सेंट ख्वाजा गरीब नवाज इंटर कॉलेज मंसूरमाफी (2024-2028)।
मान्यता रद्द करने की सूची में शामिल प्रमुख स्कूल: मुरादाबाद के बी.एस. इंटर कॉलेज (कुआंखेड़ा खालसा) व वनस्थली बालिका इंटर कॉलेज (अगवानपुर); रामपुर के शिव चंद्रावती कन्या इंटर कॉलेज (अजीतपुर), मदर टेरेसा इंटर कॉलेज (बिलासपुर), श्रीमती रासनेही उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मझरा खेड़ा), बी.आर. लोधी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय; तथा संभल के जे.पी. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोले सिंह भगवान देवी स्कूल और राष्ट्रीय कन्या इंटर कॉलेज शामिल हैं।
